कालाअंब के उद्योग जगत में बड़ा बदलाव—नई लीडरशिप के साथ तेज़ी से बदलेगा औद्योगिक माहौल!
पूर्व अध्यक्ष के निधन के बाद खाली पड़ी कुर्सी पर सर्वसम्मति से हुआ फैसला, अब दीपन गर्ग के हाथों में कमान।
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के चैंबर ऑफ कॉमर्स में सोमवार को आयोजित एक अहम बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन कर लिया गया। बैठक की अध्यक्षता दीपन गर्ग ने की, जहां सभी सदस्यों ने एकमत होकर उन्हें चैंबर ऑफ कॉमर्स का नया अध्यक्ष नियुक्त किया।
गौरतलब है कि चैंबर के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय उमेश गर्ग के आकस्मिक निधन के बाद यह पद लंबे समय से खाली चल रहा था। ऐसे में संगठन को मजबूत नेतृत्व देने और औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सदस्यों ने दीपन गर्ग पर भरोसा जताया है।
नवनियुक्त अध्यक्ष ने पदभार संभालते ही अपनी नई टीम की घोषणा भी कर दी। कार्यकारिणी में सुरेंद्र जैन को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रूपेंद्र ठाकुर को महासचिव (संगठन) और अभिनव कंसल को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, मनु अग्रवाल, अरविंद गुप्ता और संदीप गर्ग को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
इसके अलावा औद्योगिक कार्यों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न पैनल प्रमुखों की भी नियुक्ति की गई। पवन को पॉवर पैनल प्रमुख, सुभाष तोमर और सुमित को इंफ्रास्ट्रक्चर की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, कर्नल शैलेश पाठक और गौरव सोंधी को इंडस्ट्री एवं पॉलिसी पैनल प्रमुख तथा अखिल माहेश्वरी व संजय सिंगला को फार्मा व सीईटीपी पैनल प्रमुख बनाया गया है।
दीपन गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के उद्यमियों की समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना और कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र के विकास को नई दिशा देना होगा। उन्होंने टीम वर्क के साथ उद्योगों को आगे बढ़ाने का भरोसा भी जताया।
