आधी रात को हमला: पेट्रोल डालकर घर जलाने की कोशिश, कार बनी आग का गोला!
5 नकाबपोश आए… बोतल फेंकी और सेकेंडों में मच गया हड़कंप, बाल-बाल बचा पूरा परिवार
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां अज्ञात हमलावरों ने पेट्रोल डालकर एक घर को आग के हवाले करने की कोशिश की। गनीमत रही कि परिवार समय रहते जाग गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना में घर के परिसर में खड़ी एक कार पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि घर के अंदर धुएं का गुबार भर गया।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 8 स्थित मुख्य बाजार में रहने वाले रणजीत सिंह का परिवार रात करीब 1:30 बजे गहरी नींद में था। तभी जोरदार धमाके की आवाज से सभी की नींद खुल गई। बाहर निकलकर देखा तो मुख्य गेट के पास खड़ी कार धू-धू कर जल रही थी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में वाहन पूरी तरह चपेट में आ गया और घर के भीतर भी धुआं भर गया।
Also Read
👉 सिरमौर में दर्दनाक हादसा: संगड़ाह में कार खाई में गिरी, 2 बच्चियों समेत 4 की मौत
परिवार के सदस्यों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत पार्किंग में खड़ी दूसरी गाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाला और आग बुझाने की कोशिश शुरू की। साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ। फुटेज में दिखाई दिया कि पांच लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर मौके पर पहुंचे थे, जिनमें से तीन ने बोतलों में पेट्रोल डालकर आग लगाई और फिर फरार हो गए।
पुलिस अब पूरे शहर के सीसीटीवी नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि अगर परिवार समय पर नहीं जागता तो आग घर के अंदर फैल सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था।
मामले को लेकर एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ने के प्रयास जारी हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
