Sirmaur Accident News: 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक ही परिवार समेत 4 की दर्दनाक मौत
सुबह की एक सामान्य यात्रा पलों में मातम में बदल गई….संगड़ाह में तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने की वजह से कार 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, मौके पर ही चार जिंदगियां खत्म हो गईं।
नाहन (सिरमौर), 04 मई 2026: जिला सिरमौर के संगड़ाह क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। थाना संगड़ाह के अंतर्गत पियूलानी के पास एक ग्रैंड i10 कार (HP-79-2756) अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे मण्डोली बीट में तैनात वन रक्षक सत्यपाल अपनी ड्यूटी पर पियूलानी जा रहे थे। इसी दौरान डल्याणु की ओर से आ रही कार पियूलानी कैंची से भलाड़-भलौना मार्ग पर लगभग 100 मीटर आगे अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी।
वन रक्षक ने तुरंत 108 एम्बुलेंस और स्थानीय लोगों को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। खाई से एक घायल व्यक्ति को बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान अजीत कुमार (33), निवासी गांव गाता के रूप में हुई। उसने बताया कि वह देवराज की गाड़ी लेकर उनके परिवार को डल्याणु से भलाड़-भलौना छोड़ने जा रहा था।
Also Read
👉 Una News: ऊना में STF का बड़ा धमाका, कार से 1 किलो 5 ग्राम चिट्टा बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार
हादसे में कार सवार चार लोगों अमरा देवी (52), अराध्या (14), प्रियंका (14) और सज्जन सिंह (62) की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी को खाई से बाहर निकाला गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए CHC संगड़ाह भेजा गया, जबकि घायल चालक का उपचार भी वहीं जारी है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण न रख पाना बताया जा रहा है। पुलिस ने इस संबंध में थाना संगड़ाह में धारा 281, 125A, 106 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में सावधानी से वाहन चलाने की जरूरत को याद दिलाता है।
