ऊना में नशे के नेटवर्क पर बड़ा वार, कार से निकला ऐसा सामान कि STF भी रह गई हैरान!
गुप्त सूचना के बाद बिछाया जाल, 3 आरोपी दबोचे गए और करोड़ों की खेप हुई बरामद
ऊना (हिमाचल प्रदेश)। ऊना जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी कामयाबी मिली है। STF नारकोटिक्स यूनिट कांगड़ा ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को भारी मात्रा में चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम संतोषगढ़-नंगड़ा मार्ग पर गुप्त सूचना मिलने के बाद STF टीम ने नाका लगाया। इसी दौरान टाहलीवाल की तरफ से आ रही एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से चिट्टे के 15 पैकेट बरामद हुए।
बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन 1 किलो 5 ग्राम पाया गया, जिसकी बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर ही कार सवार तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान सर्वजीत सिंह (28) निवासी अप्पर देहलां, गुरमुख सिंह (40) निवासी बरनोह और राहुल शर्मा (33) निवासी रायपुर सहोड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। STF की इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
