कालाअंब में दिन में छाया अंधेरा, फिर बरसी राहत और आफत साथ-साथ!
तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश ने मौसम बदला, लेकिन सड़कों ने खोल दी सिस्टम की पोल।
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब सहित आसपास के इलाकों में रविवार दोपहर अचानक मौसम ने ऐसा करवट बदली कि कुछ देर के लिए दिन में ही रात जैसा नजारा देखने को मिला। आसमान पर घने काले बादल छा गए, तेज हवाएं चलने लगीं और देखते ही देखते बारिश की तेज बौछारों ने पूरे क्षेत्र को भिगो दिया। मौसम में आई इस अचानक तब्दीली से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं कई स्थानों पर जलभराव ने मुश्किलें भी खड़ी कर दीं।
बारिश शुरू होते ही मुख्य मार्गों, गलियों और कई संपर्क सड़कों पर गंदा पानी जमा हो गया, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ स्थानों पर पानी इतना भर गया कि सड़कें तालाब जैसी दिखाई देने लगीं। हालांकि फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन तेज हवाओं और लगातार बारिश को देखते हुए नुकसान की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बारिश हर बार राहत से ज्यादा परेशानी लेकर आती है। कारण यह है कि अधिकांश रास्ते अब भी कच्चे हैं और कई सड़कें लंबे समय से बदहाल स्थिति में पड़ी हैं। सबसे बड़ी समस्या बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था की है, जो लंबे समय से ठप पड़ी है। नालियां बंद होने और ड्रेनेज सिस्टम सही न होने के कारण एक घंटे की बारिश में ही हालात बिगड़ जाते हैं।
क्षेत्रवासियों सतीश कुमार, विपिन, सचिन, सतेन्द्र प्रकाश, विक्रमजीत और संजू ने बताया कि बारिश के दौरान स्कूली बच्चों, कामकाजी लोगों और आम राहगीरों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को जल्द दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को हर बरसात में होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
फिलहाल बारिश से मौसम सुहावना जरूर हुआ है, लेकिन कालाअंब की बदहाल सड़कों और निकासी व्यवस्था ने एक बार फिर प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
