कालाअंब में अब नहीं दौड़ेंगे बेलगाम वाहन!
स्कूलों के बाहर बन रहे स्पीड ब्रेकर, बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला।
नाहन (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब, मोगीनंद में नेशनल हाईवे-07 पर स्थित स्कूलों के सामने अब तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगने जा रही है। स्कूली बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हाईवे पर स्पीड ब्रेकर बनाए जा रहे हैं।
लगभग एक हफ्ता पहले कालाअंब क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवती की मौत के बाद इलाके में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक काफ़ी चिंतित थे और स्कूलों के सामने स्पीड ब्रेकर बनाने की लगातार मांग कर रहे थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी सिरमौर ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण विभाग को स्कूलों के समीप सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने के लिए लिखा। इस पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्पीड ब्रेकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता राकेश खंडूजा ने बताया कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में वाहनों की गति नियंत्रित करने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि स्पीड ब्रेकर बनने से इस मार्ग पर भारी और तेज रफ्तार वाहनों की स्पीड पर अंकुश लगेगा। स्कूली बच्चों को काफ़ी हद तक राहत मिलेगी। हालांकि, टिप्पर/डंफर/ट्रालों का खतरा कम नहीं हुआ है। लोगों ने ओवरलोड और ओवरस्पीड वाहनों पर भी लगातार कार्रवाई की मांग की है।
