पांवटा साहिब में नशा तस्करों पर बड़ा वार! पहले 1104 कैप्सूल पकड़े, अब पूछताछ में खुला ऐसा राज कि सहारनपुर से 7440 और प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद… तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार।
NDPS केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सहारनपुर से 7440 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पांवटा साहिब पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामले में बेकवर्ड लिंकेज की जांच करते हुए उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से 7440 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए हैं। मामले में तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पांवटा साहिब ट्रक यूनियन के पास एक टेम्पो नंबर HP17G-2868 से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
आरोपियों की पहचान रविकांत उर्फ बंटी, निवासी टोका नगला, तहसील पांवटा साहिब तथा विकास, निवासी मरवा, तहसील बेहट, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई थी। उनके कब्जे से उस दौरान 1104 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए थे।
इस संबंध में पुलिस थाना पांवटा साहिब में धारा 22, 29 NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया।
सहारनपुर में दबिश, मकान से मिला बड़ा जखीरा
पुलिस टीम ने 26 अप्रैल 2026 को आरोपी की निशानदेही पर सहारनपुर के थाना चिलकाना क्षेत्र के गांव गोवर्धनपुर ढलानी में दबिश दी। यहां गफ्फार (51 वर्ष) पुत्र स्व. रशीद के घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान घर के एक कमरे में दो सोफों के पीछे छिपाकर रखे गए कट्टे से 7440 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी गफ्फार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बाहरी राज्यों के नेटवर्क पर शिकंजा
सिरमौर पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी का कहना है कि यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश में सक्रिय बाहरी राज्यों के नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता है। पुलिस ने साफ किया है कि राज्य के भीतर हो या बाहर, नशा सरगनाओं को ढूंढकर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
