सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कालाअंब में 35.70 ग्राम चिट्टा और 85,620 रूपए नकदी सहित तस्कर गिरफ्तार
कालाअंब (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस की डिटेक्शन सेल नाहन की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कालाअंब क्षेत्र में एक कथित बड़े तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 35.70 ग्राम चिट्टा/हेरोइन तथा 85,620 रूपए नकदी बरामद की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को डिटेक्शन सेल नाहन की टीम गश्त के दौरान मोगीनंद स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास मौजूद थी। इसी समय गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि कुशविन भाटिया उर्फ चंदु नाम का युवक लंबे समय से नाहन और कालाअंब क्षेत्र के युवकों को चिट्टा/हेरोइन सप्लाई कर रहा है और इस समय मोगीनंद में कंपनी कर्मचारियों को नशा बेचने पहुंचा हुआ है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कुशविन भाटिया उर्फ चंदु (27 वर्ष) निवासी दर्शन नगर कॉलोनी, कालाअंब, जिला अंबाला (हरियाणा) बताया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 35.70 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और 85,620 रूपए नकद राशि बरामद हुई। इस संबंध में पुलिस थाना कालाअंब में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और पुलिस की निगरानी में था। आरोपी का पुलिस रिमांड हासिल कर उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि इसके बैकवर्ड और फारवर्ड लिंक, सप्लाई चैन तथा पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।
उन्होंने बताया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
