कालाअंब में बड़ा खुलासा: नामी उद्योग पर वन भूमि कब्जे का आरोप, जांच में सामने आई सच्चाई!
राजस्व टीम की निशानदेही में 15 बिस्वा सरकारी जमीन पर अवैध पार्किंग का मामला उजागर, कार्रवाई तय
नाहन (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में वन विभाग की भूमि पर कब्जे और अवैध निर्माण का मामला सामने आया है, जिसमें एक नामी उद्योग ब्लू स्टार लिमिटेड पर गंभीर आरोप लगे हैं। ताजा जांच में खुलासा हुआ है कि कंपनी ने करीब 15 बिस्वा वन भूमि पर पार्किंग स्थल विकसित कर रखा है।
जानकारी के अनुसार, मैनथापल निवासी और युवा कांग्रेस के ब्लॉक उपाध्यक्ष सुभाष चौधरी ने लगभग एक वर्ष पूर्व इस मामले को लेकर प्रदेश सरकार को शिकायत भेजी थी। शिकायत में कंपनी द्वारा वन विभाग की भूमि पर संभावित कब्जे का आरोप लगाते हुए निशानदेही (डिमार्केशन) की मांग की गई थी।
Also Read
इसी शिकायत के आधार पर शनिवार को राजस्व विभाग की टीम ने उद्योग प्रबंधन और वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर निशानदेही की। जांच के दौरान यह पाया गया कि लगभग 15 बिस्वा वन भूमि वास्तव में उद्योग के कब्जे में है और इसका उपयोग पार्किंग के रूप में किया जा रहा है।
राजस्व विभाग के कानूनगो छज्जुराम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि निशानदेही में वन विभाग की भूमि पर कब्जा पाया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों, उद्योग प्रबंधन और वन विभाग को सौंप दी जाएगी, जिसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, इस खुलासे के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है और अब सभी की नजर आगामी कार्रवाई पर टिकी है।
