Paonta Sahib Drug Bust: हेलमेट में छुपा रखा था ‘चिट्टा’, SIU टीम ने रंगे हाथ दबोचा आरोपी
सहारनपुर का युवक पांवटा में फैला रहा था नशे का जाल, 11.16 ग्राम स्मैक बरामद
पांवटा साहिब (सिरमौर)। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला सिरमौर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) की टीम ने एक युवक को चिट्टा/स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है, जो बेहद शातिर तरीके से नशा छुपाकर सप्लाई करने की फिराक में था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 की शाम SIU टीम गश्त के दौरान रैनबैक्सी चौक, पांवटा साहिब के पास मौजूद थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि मुर्तजा उर्फ फरमान पुत्र मुख्तार, निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), काफी समय से पांवटा और आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा/स्मैक की तस्करी कर रहा है।
सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी अपनी मोटरसाइकिल (HR71A-4659) पर सवार होकर केदारपुर स्थित विद्या पीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पीछे एक निर्माणाधीन मकान के पास खेत में खड़ा है और नशा बेचने की कोशिश कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद हेलमेट की फोम के अंदर से 11.16 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद किया गया, जिसे उसने बड़ी चालाकी से छुपा रखा था।
इस संबंध में पुलिस थाना पांवटा साहिब में ND&PS Act की धारा 21, 25 व 61-1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह नशे की खेप कहां से लाया था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करने वाला था।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इस मामले में पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए गहन जांच की जा रही है। साथ ही जिला सिरमौर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशा तस्करों की जानकारी साझा कर नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
