कालाअंब में दर्दनाक हादसा: ट्राले की टक्कर से 27 वर्षीय युवती की मौत
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब-नाहन-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे-07 पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान शिवानी पुत्री गंभीर सिंह, निवासी मैनथापल, कालाअंब के रूप में हुई है।
काम पर जाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवानी शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने पिता गंभीर सिंह के साथ रोजाना की तरह काम पर जाने के लिए निकली थी। दोनों स्कूटी (HP 18C 7945) पर सवार थे, जिसे उसके पिता चला रहे थे।
घर से लगभग 400 मीटर की दूरी पर ओगली क्षेत्र में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले HR 45E 0159 ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर ही हुई दर्दनाक मौत
टक्कर लगते ही स्कूटी पर पीछे बैठी शिवानी ट्राले की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उसके पिता दूसरी ओर गिरने से बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि पिता अपनी बेटी का शव देखकर मौके पर ही बिलख उठे।
युवती छात्रा नहीं, उद्योग में थी कार्यरत
शुरुआती जानकारी में युवती को कॉलेज छात्रा बताया गया था, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि शिवानी सकेती रोड स्थित एक उद्योग में कार्यरत थी।
हादसे की वजह: सड़क पर खड़ा ट्राला
सूत्रों के मुताबिक, जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां विपरीत दिशा में एक ट्राला खड़ा था, जिसे हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। इससे सड़क संकरी हो गई थी और पीछे से आ रहे ट्राले ने स्कूटी को टक्कर मार दी।
पुलिस कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नाहन मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी जांच जारी है।
शोक की लहर
इस हृदयविदारक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।
