Mandi News: रात में भरी गई सड़क, सुबह फिर उखड़ी—मंडी-पठानकोट हाईवे की मरम्मत पर उठे गंभीर सवाल
जोगिंद्रनगर में आधी रात की ‘मरम्मत’ कुछ ही घंटों में फेल, दो फीट गहरे गड्ढे फिर बने खतरा
मंडी। मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थित पठानकोट चौक में सड़क मरम्मत को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। देर रात कंक्रीट से भरे गए गहरे गड्ढे सुबह होते-होते फिर उखड़ गए, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, हाईवे पर बने गहरे गड्ढों को भरने के लिए रात के समय कंक्रीट डाली गई थी, लेकिन पानी के तेज बहाव के चलते यह मरम्मत कुछ ही घंटों में बह गई। सुबह जब लोग वहां से गुजरे तो सड़क पर फिर से करीब दो फीट तक गहरे गड्ढे दिखाई दिए, जिससे हादसे का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय व्यापार मंडल और दुकानदारों का आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने केवल औपचारिकता निभाई है। उनका कहना है कि जब तक इलाके में सही ड्रेनेज व्यवस्था नहीं बनाई जाती, तब तक ऐसी अस्थायी मरम्मत का कोई फायदा नहीं होगा। सड़क पर जमा पानी और कीचड़ के कारण ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे व्यापार पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। वहीं, NHAI के साइट इंजीनियर अंकित कुमार ने माना कि खराब ड्रेनेज के कारण ही सड़क पर पानी भरता है और इसे ठीक करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
