Table of Contents
Crime News: दिल्ली से चला ‘चिट्टे’ का खेल, हिमाचल पुलिस ने इंटरस्टेट ड्रग नेटवर्क का किया पर्दाफाश
दिल्ली के पॉश इलाके द्वारका में चल रहा था ‘मौत का कारोबार’…
हिमाचल पुलिस ने अचानक दी दबिश और खुल गया नशे के बड़े सिंडिकेट का राज!
सोलन। हिमाचल प्रदेश में चिट्टे के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच सोलन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दिल्ली के द्वारका क्षेत्र से एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सप्लायर बताया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 42 वर्षीय यूजीन चिनवेउबा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 229 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है। यह कार्रवाई पहले से पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर की गई, जिससे इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में पुलिस को मदद मिली।
दरअसल, इस केस की शुरुआत 20 अप्रैल को हुई थी, जब सदर थाना सोलन पुलिस ने तीन युवकों को 9.93 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों में दो बिहार और एक नेपाल मूल का युवक शामिल था। पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने सख्ती दिखाई, तो नशा तस्करी के तार सीधे दिल्ली से जुड़े सामने आए।
Also Read
🔴 सिरमौर में अवैध शराब पर बड़ा एक्शन! 2 जगह छापेमारी, 9 लीटर बरामद—महिलाओं पर केस दर्ज
इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसे दिल्ली भेजा गया। बुधवार को दिल्ली पुलिस के सहयोग से द्वारका इलाके में एक संदिग्ध ठिकाने पर सुनियोजित छापेमारी की गई। मौके पर मौजूद आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा गया और उसके कमरे की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में चिट्टा बरामद हुआ।
एसपी सोलन अभिषेक शेखर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार नाइजीरियाई नागरिक इस नेटवर्क का अहम कड़ी है, जो विभिन्न राज्यों में नशे की सप्लाई करता था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के साथ-साथ विदेशी अधिनियम की धारा 14 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी को सोलन लाकर कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान इस ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई चेन और वित्तीय लेनदेन की गहराई से जांच की जाएगी।
