सिरमौर में दो अलग-अलग स्थानों पर मारपीट और धमकी के मामले दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले में मारपीट और जान से मारने की धमकी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। दोनों ही घटनाओं में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला पुलिस थाना पच्छाद के अंतर्गत दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता अमन शर्मा, निवासी गांव मानरिया, तहसील ददाहू ने आरोप लगाया कि मंगलवार को वह बसांह में अपनी मौसी को दवाई देने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान उसका मामा सुशील शर्मा वहां पहुंचा और हाथ में डंडा लेकर उस पर हमला कर दिया। मारपीट में उसे चोटें आईं।
आरोप है कि आरोपी जाते समय उसे और उसकी मौसी को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2) और 351(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Also Read
दूसरी घटना थाना संगड़ाह क्षेत्र की है। शिकायतकर्ता तारा देवी, निवासी गांव बोरली ने बताया कि मंगलवार की शाम वह अपनी बेटी के साथ घासनी शवाण से पशु लेकर घर लौट रही थी। रास्ते में गांव के ही मांगाराम ने उनकी बेटी के सिर पर वार किया और दोनों को जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में पुलिस थाना संगड़ाह में BNS की धारा 126(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि उक्त दोनों मामलों में आरोपियों की तलाश की जा रही है और घटनाओं की गहन जांच जारी है।
