चंबा में फिर दिखा ‘रहस्यमयी गुब्बारा’, दूसरी बार मिलने से दहशत तेज!
गांव में गिरा संदिग्ध गुब्बारा, ‘PIA’ और उर्दू लिखावट ने बढ़ाई सुरक्षा एजेंसियों की चिंता
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक बार फिर संदिग्ध गुब्बारा मिलने से हड़कंप मच गया है। बुधवार सुबह भटियात तहसील की नगाली पंचायत के शुकड़ाह गांव में आसमान से एक गुब्बारा गिरा, जिस पर ‘PIA’ लिखा हुआ था और उर्दू भाषा में भी कुछ शब्द अंकित पाए गए।
स्थानीय लोगों ने जैसे ही गुब्बारे को देखा, तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इसे संदिग्ध मानते हुए सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले रविवार को भी नगाली पंचायत के चलाड़ी गांव में इसी तरह का गुब्बारा मिला था। लगातार दूसरी बार ऐसी घटना सामने आने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है और लोग सतर्क हो गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ये गुब्बारे कहां से आ रहे हैं और इनके पीछे क्या उद्देश्य हो सकता है।
विजय सकलानी (पुलिस अधीक्षक, चंबा) ने बताया कि शुकड़ाह गांव में मिले गुब्बारे को कब्जे में लेकर जांच जारी है। एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं भी इस तरह की कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई दे, तो उसे छूने की कोशिश न करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।
