कालाअंब में गंदगी का अंबार: आधा कूड़ा ही उठ रहा, हालात बेकाबू
कालाअंब (सिरमौर)। स्वच्छता के दावों के बीच औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में गंदगी ने गंभीर रूप ले लिया है। हालात ऐसे हैं कि यहां रोजाना निकलने वाले कूड़े का करीब आधा हिस्सा ही उठाया जा रहा है, बाकी सड़कों और खाली जगहों पर ढेर बनता जा रहा है।
मोगीनंद से कालाअंब और कालाअंब से खैरी तक सड़क किनारे फैला कचरा साफ तौर पर सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रोजाना भारी मात्रा में कूड़ा इकट्ठा होता है, लेकिन उसके निस्तारण के लिए न तो कोई ठोस व्यवस्था है और न ही पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं।
औद्योगिक क्षेत्र में कूड़ा डालने के लिए न तो कोई निर्धारित स्थान चिन्हित किया गया है और न ही जगह-जगह डस्टबिन लगाए गए हैं। इसके चलते लोग मजबूरन कूड़ा खुले में फेंक रहे हैं, जिससे समस्या और बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, रिहायशी और बाजार क्षेत्रों के हिसाब से कूड़ा फेंकने के लिए स्थान निर्धारित कर वहां साइन बोर्ड लगाए जाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माने का प्रावधान भी लागू किया जाए।
इस मामले में टीसीपी विभाग के अधिकारी राजीव चौहान ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिला उपायुक्त को प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कूड़ा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें, ताकि उसे आसानी से उठाकर निस्तारण केंद्र तक पहुंचाया जा सके।
