“मैं चार बार का विधायक हूं…” — इस एक बयान ने ऊना में खड़ा कर दिया विवाद!
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक बयान को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। गगरेट विधानसभा क्षेत्र से विधायक राकेश कालिया के खिलाफ अनुसूचित जाति समाज के लोगों ने पुलिस थाना गगरेट में शिकायत दर्ज करवाई है। आरोप है कि विधायक ने सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान ऐसा व्यवहार किया, जिससे समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची।
मामला 15 अप्रैल को आयोजित हिमाचल दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम से जुड़ा है, जो एमसी पार्क ऊना में हुआ था। कार्यक्रम के दौरान जब एससी आयोग के चेयरमैन कुलदीप धीमान को श्रद्धांजलि देने के लिए बुलाया गया, तो उससे पहले ही विधायक के नाराज होने की बात सामने आई।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विधायक ने कहा— “मैं चार बार का विधायक हूं, मुझे पहले बुलाना चाहिए था।” इस टिप्पणी को समाज के प्रतिनिधियों ने अपमानजनक बताया है।
विवाद यहीं नहीं थमा। रविवार को दौलतपुर चौक पर गुस्साए लोगों ने विधायक के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनका पुतला जलाने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस ने पुतला छीनकर स्थिति को संभाल लिया। प्रदर्शनकारियों को नोटिस देकर छोड़ दिया गया।
शिकायतकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ऊना के एसपी सचिन हिरेमठ के अनुसार पुलिस को शिकायत मिल चुकी है और मामले की जांच जारी है।
अब देखना होगा कि यह विवाद आगे क्या मोड़ लेता है—क्या कार्रवाई होती है या सियासत और गरमाती है।
