शम्भुवाला फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा — लिफ्ट का रस्सा टूटा, मजदूर की मौके पर मौत!
पहले से मिल रहे थे खतरे के संकेत, फिर भी नहीं रुका काम — अब पुलिस जांच शुरू
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन के नजदीक शम्भुवाला स्थित सनवेट हेल्थ केयर कंपनी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां लिफ्ट का रस्सा टूटने से एक मजदूर की जान चली गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस थाना सदर नाहन में दर्ज शिकायत के अनुसार, हरीश पुत्र गोपाल सिंह, निवासी गांव सतीवाला, डाकघर शम्भुवाला ने बताया कि शुक्रवार शाम लिफ्ट से असामान्य “टक-टक” की आवाजें आ रही थीं। इस बारे में सुपरवाइजर प्रमोद को अवगत करवाया गया, लेकिन उसने इस चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया।
बताया गया कि इसके बावजूद लिफ्ट में पीवीसी के करीब 150 बंडल लोड कर दिए गए, जिससे लिफ्ट पर अत्यधिक भार पड़ गया। अधिक वजन के चलते लिफ्ट का लोहे का रस्सा अचानक टूट गया और उसमें रखा पूरा सामान नीचे गिर गया।
Also Read
इस दौरान टीका राम नामक मजदूर लिफ्ट के बाहर खड़ा होकर पीवीसी सामान पकड़ने का काम कर रहा था। अचानक रस्सा टूटने से पूरा सामान उसके ऊपर आ गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और 106(1) के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और हादसे के पीछे जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
