एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई: कहीं अवैध शराब बरामद, तो कहीं सट्टा लगवाते आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार!
पांवटा साहिब क्षेत्र में पुलिस का एक्शन मोड—गश्त और सूचना के आधार पर लगातार हो रही सख्त कार्रवाई
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पुलिस थाना पुरुवाला क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए एक ही दिन में दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
पहले मामले में पुलिस ने गश्त के दौरान श्यामपुर गोरखुवाला में एक व्यक्ति के कब्जे से 5 लीटर अवैध शराब बरामद की। जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 अप्रैल 2026 को शाम के समय गश्त के दौरान आरोपी मुकेश कुमार निवासी वार्ड नंबर 4 खोडोवाला श्यामपुर, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के कब्जे से यह अवैध शराब पकड़ी गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस सहायता कक्ष रामपुरघाट की टीम ने क्रैशर जोन रामपुरघाट में दड़ा-सट्टा लगवाते एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी तेरस महतो, निवासी जिला छपरा (बिहार), अपनी झुग्गी के बाहर सड़क किनारे लोगों को लालच देकर सट्टा लगवा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया और उसके कब्जे से 1230 रुपये नकद बरामद किए। इस मामले में आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13A-3-67 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
दोनों ही मामलों की पुष्टि पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने करते हुए बताया कि अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
