Kala Amb bus stand पर गंदगी की समस्या लगातार बढ़ रही है
Himachal के Sirmaur जिले के Kala Amb में ये हालात
एस.के.गुप्ता
नाहन/कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं। हाल ही में बनाए गए नए बस स्टॉप के आसपास गंदगी के अंबार लगे हुए हैं, जिससे यहां इंतजार करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि कचरे के ढेर के बीच से गुजरना तक मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बस स्टॉप के पास जमा कूड़े में नालियों का गंदा पानी मिलकर उसे और अधिक बदबूदार बना रहा है। न तो यहां से गंदे पानी की उचित निकासी हो रही है और न ही सफाई की कोई नियमित व्यवस्था दिखाई दे रही है। ऐसे में यात्रियों को बदबू और गंदगी के बीच बसों का इंतजार करना पड़ रहा है, जो स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बनता जा रहा है।
गौरतलब है कि कालाअंब क्षेत्र लंबे समय से प्रशासनिक और राजनीतिक उपेक्षा का शिकार रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जनप्रतिनिधि और नेता सोशल मीडिया पर बड़े-बड़े दावे तो करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत से पूरी तरह अनजान रहते हैं। क्षेत्र में सफाई, जल निकासी और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, लेकिन समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।
Also Read
🔴 हिमाचल में बड़ा फैसला! अब सरकारी स्कूलों में एक समान फीस, अलग-अलग फीस वसूली पर लगेगी रोक
बुधवार को हिमाचल दिवस के अवसर पर कालाअंब और मोगीनंद के कुछ हिस्सों में स्वच्छता अभियान जरूर चलाया गया, जिसमें करीब 26 क्विंटल कचरा एकत्रित किया गया। हालांकि, यह आंकड़ा खुद इस बात की गवाही देता है कि औद्योगिक क्षेत्र में कचरे की समस्या कितनी गंभीर है। स्थानीय लोग मानते हैं कि यदि पूरे कालाअंब क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जाए, तो कचरे की मात्रा कई गुना अधिक निकल सकती है।
अब सवाल यह है कि आखिर कब तक लोग इस बदहाल व्यवस्था का खामियाजा भुगतते रहेंगे? क्या प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए आगे आएंगे, या फिर हालात यूं ही बदतर होते रहेंगे।
संपादकीय
