सिरमौर में फूटा गुस्सा: फौजियों पर टिप्पणी से बवाल, माफी के बाद भी नहीं थमा विवाद
सोशल मीडिया पोस्ट बनी मुसीबत, सैनिक संगठनों की शिकायत पर पुलिस जांच शुरू
नाहन/राजगढ़ (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर द्वारा फौजियों को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। गुरुवार को पोस्ट किए गए एक वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा भड़क उठा और देखते ही देखते मामला पुलिस तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, संबंधित युवती ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें फौजियों को लेकर की गई टिप्पणी पर यूजर्स ने कड़ी आपत्ति जताई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विरोध तेज हुआ तो सैनिकों और पूर्व सैनिकों ने इसे सेना का अपमान बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी।
मामले ने तूल पकड़ा तो युवती ने विवादित वीडियो को हटा दिया और एक नया वीडियो जारी कर फौजियों व उनकी पत्नियों से माफी मांगी। हालांकि, माफी के बावजूद लोगों का आक्रोश शांत नहीं हुआ।
भूतपूर्व सैनिक संगठन की ओर से इस मामले में पुलिस थाना राजगढ़ में शिकायत दर्ज करवाई गई है। वहीं, एक कांग्रेस नेता ने भी एसपी सिरमौर को पत्र लिखकर संबंधित इन्फ्लूएंसर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उधर, पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने पुष्टि की है कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
