पांवटा साहिब में वन्यजीव तस्करी का बड़ा खुलासा!
तेंदुए की खाल और दुर्लभ वन्यजीवों के अंगों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, इलाके में हड़कंप
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन्यजीव तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में टीम ने मौके से तेंदुए की खाल समेत कई दुर्लभ वन्यजीवों के अंग बरामद किए हैं और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पांवटा साहिब वन मंडल की रैपिड रिस्पॉन्स टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर अंजाम दी गई। टीम ने माजरा रेंज के घुतनपुर गांव में स्थित अख्तर अली के परिसर पर छापा मारकर इस पूरे मामले का पर्दाफाश किया।
Also Read
🔴 सिया मर्डर केस: “देखते ही मार दिया”… आरोपी का चौंकाने वाला कबूलनामा, वजह अब भी रहस्य!
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से तेंदुए की एक खाल, तेंदुए की मूंछें (त्वचा सहित), घोरल के 3 जोड़ी सींग, काकड़ (बार्किंग डियर) के 2 जोड़ी सींग और तेंदुए के पंजे (नाखून निकाले हुए) बरामद किए। इस बरामदगी ने वन्यजीव तस्करी के गंभीर नेटवर्क की ओर इशारा किया है।
एसीएफ पांवटा साहिब आदित्य शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत धारा 39, 40(2), 49C(7) के उल्लंघन और धारा 51 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि बरामद सामग्री अनुसूची-1 में शामिल प्रजातियों से संबंधित है, जिन्हें कानून के तहत सर्वोच्च संरक्षण प्राप्त है।
वन विभाग ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है और तस्करी के पूरे नेटवर्क को उजागर करने के प्रयास जारी हैं।
