सिया मर्डर केस: “देखते ही आपा खो बैठा”… आरोपी का कबूलनामा, पर वजह अब भी पहेली
गोपालपुर हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है—आरोपी ने जुर्म तो कबूल कर लिया, लेकिन आखिर उसने सिया को क्यों मारा, इसका जवाब अब भी नहीं मिल पाया है।
पुलिस के सामने बार-बार एक ही बात दोहराई जा रही है—“मुझे खुद नहीं पता मैंने ऐसा क्यों किया।”
मंडी। मंडी जिले के गोपालपुर क्षेत्र में 19 वर्षीय सिया गुलेरिया की निर्मम हत्या के मामले में जांच ने नया मोड़ ले लिया है। आरोपी विकास ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसी ने कॉलेज जा रही सिया पर दराट से हमला किया था। उसने बताया कि सिया को देखते ही वह अचानक अपना आपा खो बैठा और गुस्से में वार कर दिया।
हमले के बाद सिया गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद आरोपी वारदात से पहले और बाद की घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा दे रहा है, लेकिन हत्या के पीछे की असली वजह को लेकर चुप्पी साधे हुए है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने न तो किसी पुरानी रंजिश की बात स्वीकार की है और न ही परिवार या निजी विवाद का कोई संकेत दिया है। यहां तक कि वह यह भी स्पष्ट नहीं कर पा रहा कि उसने कितने वार किए।
Also Read
🔴 Baddi Murder Case: खेत में मिला युवक का शव, सिर कुचलकर की गई हत्या! 2 संदिग्धों पर पुलिस का शिकंजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब रिमांड के दौरान मनोवैज्ञानिक एंगल सहित विभिन्न तरीकों से पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या के पीछे का वास्तविक कारण सामने आ सके।
इस बीच, मंडी के एसपी विनोद कुमार ने नैण गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
परिवार इस घटना से गहरे सदमे में है और फिलहाल उन्होंने किसी पर शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच जारी है और जल्द ही हत्या के मकसद से पर्दा उठाने की कोशिश की जा रही है।
