पूजा के बाद नहाने उतरा 11वीं का छात्र ब्यास में समाया, रातभर नहीं मिला कोई सुराग
परिजनों की आंखों के सामने बहाव में बहा किशोर, बचाने की कोशिशें भी रहीं नाकाम
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। पुलिस थाना इंदौरा क्षेत्र में एक 11वीं कक्षा का छात्र ब्यास नदी में डूबकर लापता हो गया। किशोर अपने परिवार के साथ पूजा करने आया था, लेकिन कुछ ही देर में खुशी का माहौल मातम में बदल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कृष (17) पुत्र रणजीत सिंह, निवासी भाटी डंगवालियां, पोस्ट ऑफिस नंगल, तहसील फतेहपुर अपने परिजनों के साथ पूजा के लिए नदी किनारे पहुंचा था। पूजा समाप्त होने के बाद जब परिवार वापस लौटने लगा तो कृष ने नहाने की बात कही। इसी दौरान वह नदी में उतरा, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव का अंदाजा नहीं लगा सका और देखते ही देखते डूब गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने उसे डूबते हुए देखा और बचाने की कोशिश भी की, लेकिन तेज बहाव के चलते किशोर कुछ ही सेकंड में पानी में लापता हो गया। घटना की सूचना तुरंत प्रशासन को दी गई, जिसके बाद एसडीएम इंदौरा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पौंग बांध प्रबंधन को पानी का बहाव कम करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने बिना देरी किए पुलिस, गृह रक्षा, कानूनगो और पटवारी को मौके पर भेजा। साथ ही एनडीआरएफ की टीम को भी रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। शाम करीब 4:40 बजे 19 सदस्यीय एनडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जो करीब ढाई घंटे तक चला, लेकिन किशोर का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
घटनास्थल पर एसडीएम डॉ. सुरेंद्र ठाकुर और डीएसपी संजीव कुमार यादव ने भी पहुंचकर हालात का जायजा लिया। अंधेरा होने के कारण सर्च अभियान को फिलहाल रोक दिया गया है, जिसे बुधवार सुबह 8:30 बजे दोबारा शुरू किया जाएगा।
इस घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। प्रशासन ने परिजनों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति भावनाओं में बहकर खुद नदी में उतरने की कोशिश न करे।
बताया जा रहा है कि कृष 11वीं का छात्र था, जबकि उसका छोटा भाई नमन 10वीं कक्षा में पढ़ता है। उनके पिता बद्दी में एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। यह हादसा एक बार फिर नदी किनारे सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को उजागर करता है।
