Table of Contents
294 ग्राम चिट्टा के साथ दो युवक गिरफ्तार!
अंधेरी जंक्शन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशा तस्करी नेटवर्क पर बड़ा वार
अंधेरी जंक्शन पर पुलिस की सख्त कार्रवाई
कालाअंब (सिरमौर)। जिला सिरमौर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नारायणगढ़–बर्मा पापड़ी रोड स्थित अंधेरी जंक्शन के पास पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 294 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है।
पंजाब के दो युवक गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान आकाशदीप सिंह (23) निवासी ग्राम मेहंदीपुर, तहसील पट्टी, जिला तरनतारन और रणजीत सिंह (23) निवासी मारी मेघा, तहसील पट्टी, जिला तरनतारन (पंजाब) के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर की गई नाकाबंदी
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना कालाअंब की टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर अंधेरी जंक्शन के पास नाकाबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के चलते दोनों युवकों को रोका गया और तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 294 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्हें जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा।
सप्लाई चेन की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एन.एस. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह नशे की खेप कहां से लाई गई और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
