बद्दी में बेखौफ बदमाशों का आतंक—महिला की कनपटी पर पिस्तौल रखकर लूट, रात में मची दहशत!
बद्दी (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में लूट की एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में डर का माहौल पैदा कर दिया है। नरंगपुर में देर रात बाइक सवार दो युवकों ने एक कबाड़ कारोबारी की पत्नी को निशाना बनाते हुए पिस्तौल के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक, कबाड़ कारोबारी यूसुफ अली उस समय दुकान पर मौजूद नहीं था और उसकी पत्नी अकेले काम संभाल रही थी। इसी दौरान दो युवक बाइक पर सवार होकर पहुंचे और महिला को धमकाते हुए उसकी कनपटी पर पिस्तौल तान दी। डर के साए में आई महिला से आरोपियों ने करीब 3 हजार रुपये नकद, दो किलो तांबा-पीतल और मोबाइल फोन छीन लिया।
Also Read
🔴 कालाअंब में दिनदहाड़े लूट! 3 बाइक सवारों ने महिला से छीना पर्स, सीसीटीवी में कैद वारदात
घटना के बाद महिला ने अपने पति को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद मामले की शिकायत तुरंत पुलिस में दर्ज कराई गई। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कार्रवाई की और एक आरोपी, 23 वर्षीय साहिल निवासी मानपुरा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। वहीं, दूसरे फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं, जबकि पुलिस लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रही है।
