कालाअंब में दिनदहाड़े महिला से पर्स स्नैचिंग
महिला से पर्स छीनकर फरार हुए तीन बाइक सवार
नाहन (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में दिनदहाड़े पर्स स्नैचिंग की वारदात से हड़कंप मच गया। कालाअंब-नाहन-पांवटा साहिब एनएच-07 पर सरकारी स्कूल के समीप तीन अज्ञात युवकों ने एक महिला से पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता दुर्गा देवी पत्नी नरेन्द्र कुमार, निवासी तिलाउठु जिला रोहतास (बिहार) हाल निवासी गांव मैनथापल किसी काम से मैनथापल से कालाअंब की ओर पैदल जा रही थी। जैसे ही वह एनएच-07 पर स्थित स्मार्ट पॉइंट के सामने पहुंची, तभी पीछे से बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार तीन युवक आए और झपट्टा मारकर उसका पर्स छीन लिया।
पीड़िता दुर्गा देवी ने बताया कि उसने तुरंत उनका पीछा करने की कोशिश की और शोर भी मचाया। इस दौरान वह घबराहट में गिर गई और चोट भी लगी। आसपास मौजूद कुछ लोगों ने भी बाइक और स्कूटी से आरोपियों का पीछा किया, मगर वे तेजी से कालाअंब की ओर भागने में सफल रहे।
पीड़ित महिला ने बताया कि उसके पर्स में एक मोबाइल फोन, करीब 4000 रुपये नकद और चांदी के कुछ आभूषण थे।
घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें आरोपियों के चेहरे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस में भी मामला दर्ज कराया है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के थानों में भी आरोपियों की तस्वीरें भेजी गई हैं।
बहरहाल, इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
