Table of Contents
हिमाचल की टूटी सड़कों ने फिर ली एक जान—इलाज से पहले ही रास्ते में बुझ गई जिंदगी
कडू नाला में भूस्खलन से बंद सड़क बनी मौत की वजह, पूर्व प्रधान को नहीं मिल सका समय पर उपचार।
सड़क बंद, इलाज अधूरा—पूर्व प्रधान की रास्ते में मौत
चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी में खराब सड़क व्यवस्था एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। किलाड़-संसारी-कुल्लू-मनाली मुख्य मार्ग पर कडू नाला के पास भूस्खलन से सड़क बंद होने के कारण 72 वर्षीय पूर्व प्रधान हरि नाथ को समय पर इलाज नहीं मिल पाया और उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत हुडान के टूंडरू निवासी हरि नाथ नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज, मंडी जा रहे थे। जब वे कडू नाला पहुंचे तो वहां भारी भूस्खलन के चलते सड़क पूरी तरह बाधित मिली। सड़क खुलने की उम्मीद में वे देर शाम तक सुगलवास के एक विश्राम गृह में इंतजार करते रहे, लेकिन राहत कार्य शुरू नहीं हो सका।
Also Read
🔴 कालाअंब: मोगीनंद में तेज रफ्तार कंटेनर का कहर! सिक्योरिटी गार्ड को मारी टक्कर, हालत गंभीर
इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। सड़क पूरी तरह बंद होने के कारण उन्हें आगे ले जाना संभव नहीं था। हालात गंभीर होने पर परिजनों ने उन्हें वापस सिविल अस्पताल किलाड़ ले जाने का फैसला किया। कठिन परिस्थितियों में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हरि नाथ पंचायत के दो बार प्रधान रह चुके थे और क्षेत्र में उनकी पहचान एक सक्रिय जनसेवक के रूप में थी। मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक अपने रिश्तेदार के साथ मेडिकल चेकअप के लिए मंडी जा रहे थे, लेकिन रास्ता बंद होने के कारण उन्हें समय पर उपचार नहीं मिल सका।
यह घटना एक बार फिर पांगी क्षेत्र में सड़क और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को उजागर करती है, जहां खराब संपर्क व्यवस्था लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।
