मोगीनंद स्कूल की बेटियों का कमाल — मेहनत लाई रंग
सरकार से मिला बड़ा सम्मान, अब डिजिटल पढ़ाई होगी और आसान
कालाअंब (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोगीनंद की दो होनहार पूर्व छात्राओं ने एक बार फिर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अंशिका और सना शर्मा को हिमाचल प्रदेश सरकार की प्रतिष्ठित श्रीनिवास रामानुजन छात्र सम्मान योजना के तहत सम्मानित किया गया है।
दोनों छात्राओं को क्रमशः शैक्षणिक सत्र 2022-23 और 2023-24 के लिए 16,000 रुपये के ई-वाउचर प्रदान किए गए हैं। यह सम्मान उन्हें 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में मेरिट सूची में स्थान हासिल करने के आधार पर मिला है।
Also Read
🔴 हिमाचल में फिर बंद हुए स्कूल! 24 और संस्थान डी-नोटिफाई, शून्य छात्र संख्या बनी वजह
इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें डिजिटल शिक्षा से जोड़ना है। सरकार द्वारा दिए गए ई-वाउचर के जरिए छात्राएं अब स्मार्टफोन या लैपटॉप खरीद सकेंगी, जिससे उनकी आगे की पढ़ाई और अधिक प्रभावी हो सकेगी।
विद्यालय की प्रधानाचार्या शिभा खन्ना ने इस उपलब्धि को पूरे स्कूल के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान न केवल प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं, बल्कि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा बनते हैं।
स्कूल परिवार और अभिभावकों में इस उपलब्धि को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है।
