कालाअंब – पांवटा साहिब एनएच 07 पर रेत से लदा टिप्पर पलटा
बड़ा हादसा टला; कालाअंब पुलिस जांच में जुटी
नाहन (सिरमौर)। कालाअंब-पांवटा साहिब एनएच-07 पर बुधवार सुबह मोगीनंद क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया, जब रेत से लदा एक टिप्पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, अन्यथा गंभीर नुकसान हो सकता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त टिप्पर कालाअंब की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन मोगीनंद सलानी पुल के पास डिंगरवाला क्षेत्र के ढलान में पहुंचा, चालक संतुलन खो बैठा और टिप्पर सड़क किनारे एक उद्योग की चारदीवारी के पास पलट गया।
Also Read
🔴 खाई में गिरने से बाल-बाल बची HRTC बस! पहाड़ी से गिरे पत्थर, ड्राइवर की सूझबूझ ने बचाईं 20 जानें
जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, उसके ठीक सामने सड़क के दूसरी ओर गहरी खाई और नदी बहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी जगह के पास तीन दिन पहले सड़क किनारे खड़ी एक कार भी स्वयं चलकर खाई में गिर गई थी, जिससे यह क्षेत्र पहले से ही संवेदनशील बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर ओवरलोडिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। सूत्रों के अनुसार, यदि टिप्पर ओवरलोड पाया गया तो संबंधित चालक के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
