iPhone की चाहत ने बेटे को चोर बना दिया…
जिस घर में भरोसा था, वहीं से निकली सबसे बड़ी साजिश!
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के नादौन थाना क्षेत्र में गहनों की चोरी का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि इस वारदात को किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि घर के ही नाबालिग बेटे ने अंजाम दिया था।
जानकारी के अनुसार गगाल निवासी एक व्यक्ति ने 3 अप्रैल को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनकी पत्नी के सोने के गहने घर की अलमारी से गायब हैं। जांच के दौरान शक घर के ही बेटे पर गया। पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने स्वीकार किया कि उसने iPhone खरीदने और अन्य शौक पूरे करने के लिए गहनों की चोरी की।
नाबालिग ने ये गहने अपने परिचित कृष कौंडल को दे दिए थे। इसके बाद कृष ने अपनी बहन निशा कुमारी के साथ मिलकर इन गहनों को नादौन स्थित एक निजी फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख दिया और करीब 3 लाख रुपये का गोल्ड लोन हासिल कर लिया।
Also Read
🔴 कांगड़ा में बंद पड़ी फार्मा कंपनी बना चोरों का अड्डा! 150 फॉयल रोल चोरी, 8 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरवी रखे गए गहनों को बरामद कर लिया है। बरामद गहनों का कुल वजन करीब 31.77 ग्राम बताया जा रहा है, जिसकी पहचान पीड़ित महिला ने कर ली है।
जांच में यह भी सामने आया है कि नाबालिग की मुलाकात कृष से एक शादी समारोह में हुई थी, जहां कृष डीजे का काम कर रहा था। यहीं से दोनों की दोस्ती शुरू हुई और बाद में चोरी की योजना बनाई गई।
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहराई से जांच जारी है।
