बंद पड़ी फैक्ट्री को समझा सुनसान, लेकिन पुलिस ने खेल कर दिया खत्म!
कांगड़ा में 3.5 लाख की चोरी का खुलासा, 8 आरोपी गिरफ्तार—कबाड़ी भी निकला शामिल।
कांगड़ा। संसारपुर टैरेस क्षेत्र में बंद पड़ी एक फार्मा कंपनी को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। करीब 3.50 लाख रुपये के एल्युमिनियम फॉयल रोल और अन्य सामान की चोरी के मामले में पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामले की शुरुआत तब हुई जब कंपनी के अकाउंटेंट विजय सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और जल्द ही सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जांच में खुलासा हुआ कि 1 से 4 अप्रैल 2026 के बीच आरोपियों ने कंपनी के पीछे के रास्ते से अंदर घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मौके का फायदा इसलिए भी मिला क्योंकि कंपनी को कुछ दिन पहले श्रम विभाग की कार्रवाई के बाद बंद कर दिया गया था।
पुलिस थाना संसारपुर टैरेस के प्रभारी संजय शर्मा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए सुरेश कुमार (डडोआ), अनुराग व अभिषेक (रिड़ी), राज व लवली (टैरेस), तथा रोहित और रजत (जवाली) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि चोरी का सामान उन्होंने स्थानीय कबाड़ी वीरेंद्र सिंह को बेच दिया था। पुलिस ने कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद करने के साथ-साथ 40 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि जवाली के कुछ आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में शामिल रह चुके हैं।
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जांच जारी है।
