31 मार्च को दर्ज NDPS केस में बड़ा खुलासा, अब तक 3 आरोपी गिरफ्तार
CHC हरिपुरधार का डॉक्टर भी निकला नशा तस्करी में शामिल, भेजा गया न्यायिक हिरासत में
नाहन (सिरमौर)। पुलिस थाना सदर नाहन में बीती 31 मार्च को दर्ज अभियोग संख्या 47/26 (धारा 21 NDPS एक्ट) में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले की गहन जांच के दौरान अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि CHC हरिपुरधार में तैनात चिकित्सक डॉ. आदित्य शर्मा की भी इस मामले में संलिप्तता पाई गई है। आरोप है कि डॉक्टर ने आरोपी अभिमन्यु ठाकुर और भानु गर्ग को स्कूटी (HP 18B 0444) पर नारायणगढ़ भेजकर 6.68 ग्राम चिट्टा/हेरोइन मंगवाई थी।
पुलिस को जांच के दौरान डिजिटल लेनदेन और व्हाट्सएप चैट जैसे महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त हुए हैं, जिससे यह भी सामने आया है कि आरोपी डॉक्टर वर्ष 2020 से नशे का आदी है और दिन में कई बार इंजेक्शन के माध्यम से नशा करता है।
Also Read
🔴 पीठू बैग में छुपाकर ला रहा था चरस, SIU ने दबोचा आरोपी | 164 ग्राम बरामद, बड़ा खुलासा संभव
आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि यह नशे की खेप हरियाणा के विक्की नामक व्यक्ति से खरीदी गई थी।
फिलहाल, डॉ. आदित्य शर्मा को 3 दिन के पुलिस रिमांड के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन भेज दिया गया है। वहीं, आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल डेटा को गहन जांच के लिए SFSL भेजा गया है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। बहरहाल, आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
