खौफनाक मंजर: अचानक खुद ही चल पड़ी कार, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, लापरवाही की झलक
देखने वालों के उड़े होश, गनीमत रही—कार में नहीं था कोई सवार
कालाअंब (सिरमौर)। नेशनल हाईवे-07 (अंबाला–देहरादून) पर मोगीनंद के समीप शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार अचानक अपने आप चल पड़ी और करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, औद्योगिक क्षेत्र मोगीनंद में फीनिक्स उद्योग के पास सड़क किनारे खड़ी कार अचानक अनियंत्रित होकर आगे बढ़ी और सड़क से नीचे खाई में गिर गई। प्रत्यक्षदर्शी रमेश और प्रदीप ने बताया कि उन्होंने कार को अचानक खाई में गिरते देखा, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे।
Also Read
🔴 हिमाचल में बड़ा हादसा: कुल्लू में खाई में गिरी ट्रैवलर, 3 की मौत, 2 लापता; 15 को जिंदा निकाला गया
मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि कार के अंदर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे सभी ने राहत की सांस ली। वहीं यह भी सुखद रहा कि हादसे के दौरान सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालक या राहगीर इसकी चपेट में नहीं आए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर आशंका जताई है कि कार को ठीक से पार्क न किए जाने या हैंडब्रेक न लगाए जाने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। फिलहाल, घटना को लेकर कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन इसने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
