राजगढ़ के तहत खाल्टू में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दोनों पक्षों ने दर्ज करवाई FIR — जानिए पूरा मामला
रास्ते के सौदे से शुरू हुआ विवाद, गेट पर भिड़ंत के बाद तेज हथियार और डंडों से हमला
राजगढ़ (सिरमौर)। खाल्टू क्षेत्र में पुश्तैनी जमीन से जुड़े रास्ते के विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने के आरोप लगाते हुए पुलिस थाना राजगढ़ में अलग-अलग एफआईआर दर्ज करवाई हैं।
पहले पक्ष के अनुसार, गांव खाल्टू निवासी मनमोहन सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई कि उनकी पुश्तैनी जमीन से 6 फुट रास्ता देने की बात राजेंद्र रावत के साथ 12.50 लाख रुपये में तय हुई थी। आरोप है कि बाद में 6 फुट की बजाय 12 से 14 फुट चौड़ी सड़क बना दी गई और केवल 5.50 लाख रुपये ही दिए गए। साथ ही 20 लाख रुपये और पानी का बोर करवाने का वादा भी पूरा नहीं किया गया।
Also Read
🔴 Sirmaur News: पुरुवाला में पत्थरबाजी और धमकियां, पांवटा साहिब में तेज रफ्तार स्कूटी का कहर—एक घायल
शिकायत में यह भी कहा गया कि 3 अप्रैल को जब वह अपनी गौशाला की ओर जा रहे थे, तो एक गाड़ी में सवार होकर हरकीरत सिंह, दर्पण सिंह व अन्य लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि कागजात दिखाने को कहने पर वे जबरन गेट के अंदर घुस आए और तेज हथियार से मनमोहन सिंह व उनके बेटे पर हमला कर दिया, जिससे दोनों को चोटें आईं।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से हरकीरत सिंह निवासी सेक्टर-42C चंडीगढ़ ने भी पुलिस में शिकायत दी है। उनका कहना है कि वह दर्पण कुमार के साथ अपने मित्र की जमीन पर कंटीली तार लगाने के लिए लेबर लेकर जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे जब वे गेट के पास पहुंचे, तो मनमोहन सिंह और ऋषभ चौहान ने उनका रास्ता रोक लिया और डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर अलग-अलग धाराओं के तहत मामले दर्ज कर लिए हैं।
पहले मामले में धारा 329(3), 115(2), 351(2), 3(5) BNS तथा दूसरे मामले में धारा 126(2), 115(2), 351(2), 3(5) BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सच्चाई के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
