सिरमौर: चाड़ना के पास दर्दनाक हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 2 की मौत
तेज मोड़ पर बिगड़ा संतुलन, चालक घायल—सुबह 4 बजे सामने आई घटना
संगड़ाह (सिरमौर)। सिरमौर जिला के पुलिस थाना संगड़ाह के अंतर्गत चाड़ना के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब कार गहरी खाई में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव चाड़ना निवासी जितेंद्र नेगी ने पुलिस थाना संगड़ाह में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 4 बजे विपन (पुत्र मलकियत सिंह, निवासी कांगड़ा) उनके घर आया और दुर्घटना की जानकारी दी।
विपन ने बताया कि वह रात के समय कुलग से नरेश कुमार को लेकर कार (नंबर HP 88A 6058, Swift) में बद्दी की ओर जा रहा था। जब वह चाड़ना से करीब 1 किलोमीटर पीछे पहुंचे, तो एक तेज मोड़ पर अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
Also Read
इस हादसे में चालक विपन को सिर, मुंह और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कार में सवार नरेश कुमार और गुलशन की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस थाना संगड़ाह ने चालक के खिलाफ धारा 281, 125A और 106 BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।
