जिला सिरमौर में कानून-व्यवस्था को लेकर दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
⚠️ पुरुवाला में लडाई-झगड़ा और धमकियां
पांवटा साहिब (सिरमौर)। वीरवार को पुलिस थाना पुरुवाला में गुलाब सिंह चौधरी, पूर्व पंचायत प्रधान, निवासी भजौण गांव मानल (डाकघर सतौन, तहसील कमरऊ) ने शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत के अनुसार, उन्होंने पंचायत के माध्यम से गांव धनियों बाग आबडा में करवाए गए विकास कार्यों का निरीक्षण करने के लिए 01 अप्रैल को पंचायत सचिव धनवीर सिंह और टेक्निकल सहायक नरेश पंवार के साथ मौके का दौरा किया।
निरीक्षण के बाद जब वे अपनी गाड़ी के पास लौटे, तो पाया कि गांव के ही निवासी गुरदीत पुत्र कली राम ने सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर डालकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया था। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकियां भी दीं।
पुलिस थाना पुरुवाला ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
Also Read
पांवटा साहिब में सड़क हादसा, एक व्यक्ति घायल
वहीं, दूसरी घटना पांवटा साहिब क्षेत्र में सामने आई है। वीरवार को बीरबल निवासी भूपपुर ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत के अनुसार, सुबह के समय वह अपनी दुकान पर मौजूद था, तभी नाहन की ओर से आ रही एक स्कूटी (HP85-2070) ने सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी।
हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान हरि राम निवासी गांव टोकियों (पोस्ट ऑफिस सैनवाला, तहसील माजरा) के रूप में हुई है, जिसे गंभीर चोटें आई हैं।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसा स्कूटी चालक द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ।
पुलिस थाना पांवटा साहिब ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों मामले संबंधित थानों में दर्ज करके आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
