सिरमौर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 24 घंटे में पंजाब से बरामद किया गया गुमशुदा नाबालिग
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी और कार्यकुशलता का शानदार उदाहरण पेश करते हुए 14 वर्षीय गुमशुदा नाबालिग को महज 24 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते बच्चे को पंजाब से सकुशल वापस लाया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम धनना (डाकघर व तहसील शिलाई, जिला सिरमौर) निवासी एक 14 वर्षीय लड़के के लापता होने की शिकायत देर रात करीब 2 बजे दर्ज करवाई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई।
एसएचओ जीत राम के नेतृत्व में ASI अनिल और हेड कांस्टेबल निखिल की टीम ने बिना देरी जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और इनपुट्स के आधार पर पुलिस को पता चला कि नाबालिग पंजाब की ओर गया है।
इसके बाद सिरमौर पुलिस ने तुरंत पंजाब के जिला पटियाला स्थित थाना शंभू पुलिस से संपर्क किया और लगातार समन्वय बनाए रखा। दोनों राज्यों की पुलिस के बेहतर तालमेल और तेजी से की गई कार्रवाई के चलते नाबालिग को शंभू क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पुलिस की इस तत्परता से परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस टीम की सराहना की जा रही है।
