हिमाचल की बेटियों का कमाल: राष्ट्रीय हैंडबाल चैंपियन बनी टीम, फाइनल में यूपी को हराया
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश की बेटियों ने एक बार फिर अपने जज़्बे और प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल की है। उत्तर प्रदेश के बरेली में आयोजित हैंडबाल प्रतियोगिता में हिमाचल की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
30 मार्च से 3 अप्रैल तक चली इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में हिमाचल की टीम ने मेजबान उत्तर प्रदेश को 17-12 से हराकर जीत दर्ज की। मुकाबले की शुरुआत से ही हिमाचल की खिलाड़ी पूरी तरह हावी नजर आईं। मजबूत डिफेंस, तेज आक्रमण और शानदार तालमेल के दम पर टीम ने विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
इस जीत में भावना, प्रियंका, नीतिका और अंजली ने 2-2 गोल दागकर अहम योगदान दिया। वहीं शालिनी, मिताली, गुलशन, जागृति, संजना, दीपा, मानसी, कृष्टि और पायल ने 1-1 गोल कर टीम की जीत को पुख्ता किया। गोलकीपर दीक्षा, कशिश और अनुपम ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कई अहम बचाव किए, जिससे टीम को बढ़त बनाए रखने में मदद मिली।
Also Read
टीम की इस उपलब्धि पर एमेच्योर हैंडबाल एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष कुलदीप राणा, महासचिव क्रांति सिंह, कोषाध्यक्ष प्रवीण दुबे और कोच स्नेहलता ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम वर्क का परिणाम है।
हिमाचल की इस ऐतिहासिक जीत से पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है और बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे किसी भी मंच पर पीछे नहीं हैं।
