हिमाचल में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी को लेकर बड़ा अपडेट: सप्लाई पूरी तरह सामान्य, अफवाहों से रहें सावधान
ओएमसीएस ने साफ किया—न तो कमी है और न ही घबराने की जरूरत
शिमला। हिमाचल प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों और रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर चल रही आशंकाओं के बीच ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। कंपनियों के अनुसार राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और मांग के अनुरूप पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
स्टेट लेवल कोऑर्डिनेटर (ऑयल इंडस्ट्री) हिमाचल, आईएल नेगी ने बताया कि मोटर स्पिरिट (पेट्रोल) और हाई स्पीड डीजल का भंडारण सामान्य स्तर पर बना हुआ है। डिपो से लेकर पेट्रोल पंपों तक ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
एलपीजी को लेकर भी स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। बॉटलिंग प्लांट्स पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और तय मानकों के अनुसार नियमित रिफिलिंग की जा रही है। कंपनियों ने भरोसा दिलाया है कि घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति में कोई बाधा नहीं आएगी।
Also Read
🔴 कालाअंब में LPG संकट बेकाबू: 4200 रुपये तक पहुंची गैस, जंगलों पर बढ़ा दबाव
कंपनियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक खरीदारी से बचें। अनावश्यक स्टॉक करने से सप्लाई चेन पर दबाव पड़ सकता है, जिससे अन्य उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है।
साथ ही एलपीजी उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे गैस सिलेंडर की बुकिंग डिजिटल माध्यमों से करें और डिलीवरी के समय ऑथेंटिकेशन कोड के जरिए ही सिलेंडर प्राप्त करें। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और सही उपभोक्ता तक समय पर डिलीवरी सुनिश्चित हो सकेगी।
कंपनियां लगातार सप्लाई और लॉजिस्टिक्स पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि राज्य में ईंधन और गैस की निर्बाध आपूर्ति जारी रहे।
