नाहन में नशे के खिलाफ पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई कर मचा दिया हड़कंप
एक ओर स्कूटी सवार से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद हुईं, तो दूसरी तरफ दुकान से कच्ची शराब पकड़ी गई
नाहन (सिरमौर): जिला सिरमौर में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को नाहन और संगड़ाह में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों पर शिकंजा कसा है।
पहले मामले में, नाहन की SIU टीम गश्त पर थी, तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि साबिर अहमद, निवासी कांशीवाला (नजदीक सब्जी मंडी, नाहन), लंबे समय से नशीले कैप्सूल और दवाइयों की सप्लाई कर रहा है और आज स्कूटी (HR01AC-6996) पर पांवटा साहिब से नाहन आ रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कूटी को रोककर तलाशी ली। इस दौरान आरोपी के कब्जे से ट्रामाडोल के 56 नशीले कैप्सूल और टपेन्डाडोल की 49 गोलियां बरामद की गईं।
Also Read
👉 सिरमौर : खेत में उगाई अफीम, घर में छिपा रखा चूरा पोस्त! माजरा पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपी
पुलिस थाना सदर नाहन में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी ये नशीली दवाइयां कहां से लाता था और किन-किन क्षेत्रों में सप्लाई करता था, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस थाना संगड़ाह की टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली कि संजीव कुमार, निवासी गांव कठोल (तहसील राजगढ़), लाना चेता में अपनी दुकान में अवैध कच्ची शराब बेच रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने दुकान पर छापा मारा और तलाशी के दौरान वहां से 10 लीटर 750 मिलीलीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Also Read
👉 हिमाचल में छात्र सुसाइड केस गरमाया: शूलिनी यूनिवर्सिटी पर FIR, सैलरी और दबाव के आरोपों ने मचाया बवाल
