Table of Contents
हिमाचल में फिर बदला मौसम: बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट, जानें कब तक जारी रहेगा असर
हिमाचल में मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को चौंका दिया है
शिमला में शुरू हुई बारिश ने आने वाले दिनों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है
शिमला। हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार से मौसम ने एक बार फिर अपना रंग बदल लिया है। राजधानी शिमला में सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हो गया, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। वीरवार तक जहां प्रदेशभर में मौसम साफ था और तापमान 33 डिग्री तक पहुंच गया था, वहीं अब पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला के कई इलाकों में अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला का अनुमान है कि प्रदेश में 8 अप्रैल तक मौसम खराब बना रह सकता है। इस दौरान कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 5 से 7 अप्रैल के बीच भी कुछ स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है।
Also Read
🔴 त्रिलोकपुर नवरात्र मेला 2026: 2 करोड़+ चढ़ावा, 5.5 लाख श्रद्धालु—जानिए मंदिर न्यास की कुल आमदनी
इसके अलावा विस्तारित पूर्वानुमान के मुताबिक 10 से 16 अप्रैल के बीच भी उच्च और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है।
अगर मार्च महीने की बात करें तो इस साल सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई। जहां 113.4 मिलीमीटर सामान्य वर्षा मानी जाती है, वहीं इस बार केवल 93.6 मिलीमीटर बारिश हुई। हालांकि ऊना, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर जैसे जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई।
वहीं किन्नौर और लाहौल एंड स्पीति जैसे क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश हुई। मार्च के दौरान मंडी में घना कोहरा और कई जिलों में अत्यधिक ठंडे दिन भी दर्ज किए गए, जिसने मौसम के अस्थिर रुख को साफ तौर पर दिखाया।
