सुबह-सुबह सड़क पर थम गई रफ्तार… सैकड़ों गाड़ियां जाम में कैद!
धरने ने रोकी हिमाचल की एंट्री, मरीज से लेकर स्कूली बच्चे तक परेशान!
बिलासपुर। गरामोड़ बैरियर पर बुधवार सुबह उस वक्त हालात बिगड़ गए जब पंजाब के विभिन्न संगठनों ने अचानक धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हिमाचल प्रदेश में लगाए गए प्रवेश शुल्क को पूरी तरह समाप्त करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
धरने के दौरान “लड़दे लोकी जिंदाबाद”, “इंकलाब जिंदाबाद” और “पंजाब-हिमाचल भाईचारा जिंदाबाद” जैसे नारे गूंजे। वहीं राज्य सरकार के खिलाफ भी प्रदर्शनकारियों ने विरोध जताया।
प्रदर्शन का सीधा असर यातायात पर पड़ा और गरामोड़ बैरियर पर लंबा जाम लग गया। सुबह से ही सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे, जिनमें मरीज, नौकरीपेशा लोग और स्कूली बच्चे भी शामिल थे। कई लोग समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सके, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई।
जाम के कारण हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की करीब 10 बसें भी बीच रास्ते में फंस गईं, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
Also Read
🔴 हिमाचल में बड़ा बदलाव: बिजली सस्ती, शराब महंगी, बिना इस कार्ड के नहीं मिलेगी बस में छूट!
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर रास्ता खुलवाने की कोशिश में लगा रहा और आश्वासन के बाद जाम खुला। प्रदर्शनकारियों ने सरकार को एंट्री टैक्स पर विचार करने को लेकर 10 दिन का समय दिया है। इसके बाद फिर से चक्का जाम करने की चेतावनी दी गई है।
लंबे समय से फंसे लोगों में प्रदर्शनकारियों और प्रशासन दोनों के प्रति नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि अचानक हुए इस धरने से आम जनता को बेवजह परेशान होना पड़ रहा है।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही बातचीत के जरिए समाधान निकाल लिया जाएगा।
