क्या आपने कभी एक दिन में 35,000 श्रद्धालुओं की भीड़ देखी है?
त्रिलोकपुर में ऐसा क्या हुआ कि चढ़ावा भी पहुंच गया 17 लाख के पार!
कालाअंब (सिरमौर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ त्रिलोकपुर शक्तिपीठ में चल रहे चैत्र नवरात्र मेले में आस्था का जनसैलाब उमड़ रहा है। मेले के 13वें दिन मंगलवार को करीब 35 हजार श्रद्धालुओं ने माता माता बाला सुंदरी के दरबार में माथा टेका।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए लोग मध्यरात्रि से ही लंबी कतारों में लगना शुरू हो गए। स्थिति को संभालने और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर न्यास को सुबह निर्धारित समय से पहले ही कपाट खोलने पड़े।
Also Read
🔴 त्रिलोकपुर शक्तिपीठ में उमड़ा जनसैलाब: 21 हजार श्रद्धालु पहुंचे, 26 लाख से ज्यादा चढ़ावा
मंदिर में मुख्य आरती की परंपरा पुश्तैनी भक्त परिवार द्वारा निभाई जा रही है। दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा और देर रात तक यह सिलसिला जारी रहा।
मंदिर न्यास समिति के संयुक्त आयुक्त एवं एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं। साथ ही, मांगलिक कार्यों के लिए अलग से विशेष व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने बताया कि मेले के 13वें दिन 35,000 श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और करीब ₹17,59,980 नकद चढ़ावा मंदिर में अर्पित किया गया।
