त्रिलोकपुर शक्तिपीठ में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, 11वें दिन 60 हजार ने किए दर्शन
कालाअंब (सिरमौर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ त्रिलोकपुर शक्तिपीठ में चल रहे नवरात्र मेले के 11वें दिन रविवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। करीब 60 हजार श्रद्धालुओं ने माता बाला सुंदरी के दरबार में माथा टेका।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर न्यास को मध्यरात्रि से ही मंदिर के कपाट खोलने पड़े। मुख्य आरती के दौरान कुछ समय के लिए मंदिर में प्रवेश रोका गया, जिसके बाद दोबारा दर्शन शुरू कर दिए गए। यह सिलसिला देर रात तक जारी रहा।
Also Read
🔴 Sirmaur: अवैध खनन पर पुलिस का बड़ा एक्शन! 42 वाहनों के चालान, कई जब्त
रविवार के अवकाश के चलते स्थानीय श्रद्धालुओं की संख्या भी अधिक रही। मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर बाजार तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा बेरीकेडिंग कर श्रद्धालुओं को छोटे-छोटे समूहों में प्रवेश दिया जा रहा है।
मंदिर न्यास समिति के संयुक्त आयुक्त एवं एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने बताया कि 11वें दिन श्रद्धालुओं की संख्या 60 हजार के करीब रही। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा 13,42,900 रुपये नकद भेंट स्वरूप माता के चरणों में अर्पित किए गए।
मेला अब धीरे-धीरे समापन की ओर बढ़ रहा है। चौदस की संध्या को तीसरी महा आरती का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
