बांदल-सुराख सड़क पर क्यार के पास हादसा, कार के उड़े परखच्चे; दोनों सवारों की गई जान
नाहन/ददाहू (सिरमौर)। जिला सिरमौर के श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। बांदल-सुराख सड़क पर क्यार के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार हादसा रविवार करीब 12 बजे हुआ। एक आल्टो कार में सवार दो लोग जैसे ही क्यार के पास पहुंचे, चालक अचानक वाहन से संतुलन खो बैठा। इसके बाद कार सड़क से नीचे लुढ़कती हुई गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
Also Read
🔴 कालाअंब में बड़ा धमाका! शीशा फैक्ट्री में बॉयलर फटा, करोड़ों का नुकसान
मृतकों की पहचान अनिल कुमार (36) पुत्र बलबीर सिंह निवासी खाका क्यार और गुमान सिंह (48) पुत्र अमर सिंह निवासी धार टारन के रूप में हुई है। हादसे में अनिल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल गुमान सिंह ने नाहन मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक का वाहन पर से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
