मोगीनंद क्षेत्र में हुआ हादसा, गंभीर रूप से घायल युवक को हायर सेंटर किया रेफर; पुलिस ने दर्ज किया मामला
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे-07 पर मोगीनंद क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें 26 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मानविन्द्र सिंह सैनी, निवासी नौणी बाग (नाहन), औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब से ड्यूटी खत्म कर बाइक पर अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह मोगीनंद क्षेत्र में पहुंचा, एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही युवक बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने कार की पहचान कर ली है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत हादसे की सूचना कालाअंब पुलिस थाना को दी और घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि परिजन युवक को बेहतर इलाज के लिए देहरादून के एक निजी अस्पताल ले गए हैं। हादसे में युवक की बाजुओं में फ्रैक्चर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं।
उधर, कालाअंब पुलिस ने घायल की शिकायत के आधार पर स्थानीय कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर, एन.एस. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि हादसे की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
