सिरमौर में किशोरियों के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान 29 मार्च से शुरू, 24 मई तक चलेगा
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग एक विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान शुरू करने जा रहा है। यह अभियान 29 मार्च से आरंभ होकर 24 मई 2026 तक विभिन्न चरणों में संचालित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश प्रताप ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले के सभी छह चिकित्सा खंडों में चयनित स्वास्थ्य संस्थानों पर 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को निशुल्क टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण की तिथियां 29 मार्च, 5 अप्रैल, 12 अप्रैल, 19 अप्रैल, 10 मई और 24 मई निर्धारित की गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिले में 19 कोल्ड चेन केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें मेडिकल कॉलेज नाहन का एमसीएच सेंटर, सिविल अस्पताल ददाहू, संगड़ाह, हरिपुरधार, नोहराधार, पांवटा साहिब, राजगढ़, शिलाई, सराहां समेत विभिन्न सीएचसी और पीएचसी शामिल हैं, जहां वैक्सीन सुरक्षित रखी जाएगी और टीकाकरण किया जाएगा।
Also Read
🔴 सिरमौर में नशा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.76 ग्राम चिट्टा के साथ आरोपी गिरफ्तार
सीएमओ ने बताया कि एचपीवी वायरस गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर का प्रमुख कारण है और यह टीका इसके खिलाफ प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यह टीकाकरण न केवल महिलाओं में मृत्यु दर को कम करने में मदद करेगा, बल्कि दीर्घकालिक स्वास्थ्य सुधार में भी अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण करवाएं, ताकि उन्हें भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। साथ ही, टीकाकरण के समय आयु सत्यापन के लिए आधार कार्ड, स्कूल रिकॉर्ड या अन्य वैध दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, टीकाकरण के लिए वही किशोरी पात्र होगी, जिसने टीकाकरण तिथि तक 14 वर्ष की आयु पूरी कर ली हो।
