युवक के मेले में आया होने की आशंका, बाजू पर लिखे नाम से पहचान की कोशिश; पुलिस कर रही शिनाख्त के प्रयास
कालाअंब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ त्रिलोकपुर से एक दुखद हादसे की खबर सामने आई है। यहां शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे एक 25-26 वर्षीय युवक की गिरने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक त्रिलोकपुर में पुल के साथ बने पैराफिट पर लेटा हुआ था। इसी दौरान अचानक वह नीचे नदी की ढलान में जा गिरा।घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और तत्परता दिखाते हुए उसे बाहर निकालकर तुरंत मेले में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर तक पहुंचाया।
स्वास्थ्य शिविर में प्राथमिक उपचार देने के बाद युवक को गंभीर हालत में डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन रेफर किया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Also Read
🔴 Shimla News: 94 ग्राम चिट्टे के साथ हरियाणा के 5 तस्कर गिरफ्तार, शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई
हैरानी की बात यह है कि मृतक युवक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को युवक की बाजू पर “धनेश्वर प्रजापति” नाम लिखा मिला है, जिससे उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला।
अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक त्रिलोकपुर में चल रहे मेले में आया था। पुलिस और मेला प्रबंधन द्वारा क्षेत्र में लगातार अनाउंसमेंट करवाई जा रही है ताकि उसकी पहचान हो सके।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एन.एस. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक की पहचान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
