Shimla News: तारादेवी-टूटू बाईपास पर स्पेशल सेल की रेड, स्विफ्ट कार से बरामद हुई हेरोइन; नेटवर्क की गहन जांच जारी
शिमला। शिमला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक अहम कामयाबी हाथ लगी है। स्पेशल सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हरियाणा के पांच युवकों को 94 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 19 मार्च 2026 की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि तारादेवी जीरो पॉइंट के पास टूटू बाईपास रोड पर एक संदिग्ध कार नशीले पदार्थ की खेप लेकर गुजरने वाली है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और हरियाणा नंबर की एक काले रंग की स्विफ्ट कार को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में मौजूद पांचों व्यक्तियों के पास से 94 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
Also Read
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे इस नशीले पदार्थ को शिमला में बेचने के इरादे से लाए थे। सभी आरोपी हरियाणा के सोनीपत और झज्जर जिलों के निवासी बताए जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अन्जीत (34), इरफान (38), रविकांत (30), मुकेश (47) और नरेन्द्र (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना वेस्ट शिमला में मामला दर्ज कर लिया है।
अदालत में पेशी के बाद अन्जीत को आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि बाकी चार आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लाई चेन और शिमला में सक्रिय नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अंतरराज्यीय नेटवर्क पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
